एकता यात्रा में गूँजे “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे, जसरा से गौहनिया तक हुआ भव्य आयोजन
जसरा (प्रयागराज)। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रविवार को बारा विधानसभा क्षेत्र में जसरा से गौहनिया तक भव्य ‘एकता यात्रा’ और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ जसरा ब्लॉक परिसर से हुआ और गौहनिया बाजार होते हुए एमवी कान्वेंट गौहनिया में संगोष्ठी के साथ सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में नागरिकों ने यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हाथों में तिरंगा और डीजे पर गूंजते देशभक्ति गीतों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे पूरे रास्ते वातावरण में गूंजते रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पूर्व कैबिनेट राज्य मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश के असली नायक थे। उन्होंने देश को एक सूत्र में बांधकर एकता की मजबूत नींव रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू–कश्मीर से धारा 370 हटाना पटेल के सपने को पूरा करने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी पटेल का सम्मान नहीं किया और उनकी अंतिम यात्रा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शामिल होने से रोका गया था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और इलाहाबाद की पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय था। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और त्याग ने भारत की एकता को मजबूत आधार दिया। आज की एकता यात्रा नए भारत के लिए प्रेरणा देने का कार्य करती है।
बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के निर्माताओं में प्रमुख थे। उनकी प्रशासनिक क्षमता, दूरदर्शिता और कठोर निर्णयों ने देश को एकता के सूत्र में स्थायी रूप से बांधने का काम किया। उन्होंने सभी से पटेल के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने यात्रा में जनता और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।
जिला प्रवासी अमरनाथ यादव, जिला सह-प्रवासी कविता पटेल सहित कई वक्ताओं ने भी पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का विवरण भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने साझा किया।
इस अवसर पर विभवनाथ भारती, आकांक्षा सोनकर, निर्मला देवी, पुष्पराज सिंह पटेल, अशोक पांडेय, सतीश विश्वकर्मा, मिथिलेश पांडेय, जगत नारायण शुक्ल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। पूरे मार्ग में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
