Breaking News

आजमगढ़ में माफिया कुन्टू सिंह पर फिर बड़ी कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन पर कब्जे की साजिश में गैंगस्टर एक्ट लगा!

Spread the love

आजमगढ़ जिले में माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश स्तर पर चिन्हित कुख्यात माफिया व D-11 गैंग के लीडर ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह पर एक बार फिर आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे श्रीकृष्ण पाठशाला इंटर कॉलेज के प्रबंधन पर कब्जा जमाने की साजिश का खुलासा हुआ है, जिसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय की तहरीर पर माफिया ध्रुव कुमार सिंह समेत चार लोगों—वंदना सिंह, सुनील सिंह और नरेंद्र सिंह—पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आरोप है कि इन सभी ने आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए संगठित रूप से साजिश रचकर खुद को स्कूल प्रबंधन समिति का मैनेजर दिखाने के लिए नकली और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।

न सिर्फ इतना, बल्कि विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी, गाली-गलौज और जान से मारने की चेतावनी तक दी गई। इन आपराधिक कोशिशों को “संगठित अपराध” की श्रेणी में मानते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया है।

कुंटू सिंह पहले से ही कासगंज जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।यह वही माफिया है जो पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में दोषी पाया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि कुंटू सिंह पर हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर समेत 78 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अपराध की दुनिया में वह लंबे समय से एक बड़ा नाम रहा है और पूर्वांचल में उसके आतंक की चर्चाएं आज भी होती हैं।

याद दिला दें कि 19 जुलाई 2013 की सुबह जीयनपुर थाने से निकलते वक्त, पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू और उनके करीबी भारत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह दोहरी हत्या उस समय पूर्वांचल की सबसे हाई-प्रोफाइल वारदात बनी थी।

हत्याकांड के बाद जीयनपुर में भयंकर उपद्रव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। स्थिति इतनी भयावह हो गई थी कि पांच लोगों की मौत हो गई और कई दिनों तक बाजार में तनाव पसरा रहा। यही केस बाद में कुंटू सिंह को उम्रकैद तक ले गया।

अब, स्कूल पर कब्जे की साजिश के नए मामले ने पुलिस को एक बार फिर सक्रिय कर दिया है।
एसएसपी का साफ कहना है “माफियाओं और उनके आर्थिक साम्राज्य को तोड़ने के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।”
आजमगढ़ में यह मामला चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई और तेज हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial