आजमगढ़: जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गोरथानी में बीती रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव के पास एक्सप्रेस-वे से सटे लिंक रोड पर बने एक बरदौल (मवेशी रखने के स्थान) का ताला अज्ञात लोगों ने काट दिया और अंदर बंधी दो गायों को निर्ममता पूर्वक काटकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
गृहस्वामी हरिराम यादव शनिवार को अपनी गायों को चारा-पानी डालकर गांव चले गए थे। रात में उनके बेटे ने भी बरदौल बंद कर सोने के लिए गांव लौट गया। रविवार सुबह जब वह गायों को चारा डालने पहुंचा तो रक्त से सना भयावह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो पूरा गांव मौके पर उमड़ पड़ा। देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा ने प्रमुख सचिव गृह समेत उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। मौके पर सीओ अजय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने बताया कि गायों के शव टुकड़ों में मिले हैं और मीट गायब है।
ग्रामीण इस घटना को हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए गौ-तस्कर वाकिब उर्फ वाकिफ से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि वाकिब के एनकाउंटर के बाद यह बदले की कार्रवाई लगती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना में शामिल अपराधियों के साथ-साथ उनके संरक्षणकर्ताओं पर भी कार्रवाई की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा, “यह अत्यंत निंदनीय कृत्य है। जिसने भी ऐसा किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दशकों में ऐसी निर्मम घटना क्षेत्र में पहली बार हुई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
