आज़मगढ़ : – समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को संगठनात्मक ढांचे को मज़बूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर तथा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की अनुमति से ज़िला अध्यक्ष हवलदार यादव ने दो महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की।
श्रीराम यादव को समाजवादी पार्टी के ज़िला संगठन में ज़िला सचिव की ज़िम्मेदारी सौंपी गई, वहीं ज़िला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि अनिल जैसवार को समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी में ज़िला सचिव नामित किया गया। इन नियुक्तियों से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
नव-नियुक्त ज़िला सचिव श्रीराम यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वे समाजवादी पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई ज़िम्मेदारी को पूरी निष्ठा और लगन से निभाया जाएगा।
वहीं, अनिल जैसवार ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार दलित समाज का लगातार शोषण कर रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा की कथनी और करनी में ज़मीन-आसमान का अंतर है। यह सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को समाप्त करने की कोशिश कर रही है। इसके विपरीत समाजवादी पार्टी ही वह पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य कर रही है।”
ज़िला अध्यक्ष हवलदार यादव ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सक्रियता, प्रतिभा और समर्पण को देखते हुए ही उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। हवलदार यादव ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, छात्र, नौजवान, किसान और बेरोजगार सभी शोषण का शिकार हो रहे हैं। जनता और कार्यकर्ताओं का अपमान हो रहा है, जबकि भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की कथनी और करनी में ज़मीन-आसमान का अंतर है। समाजवादी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। यादव ने कहा कि जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी। ..और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी ….
इस अवसर पर अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, अंबेडकर वाहिनी के ज़िला अध्यक्ष संतोष कुमार गौतम, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव उधम सिंह राठौर, अनुपम मौर्य (पूर्व प्रधान), विजय यादव (प्रधान), सरवन कनौजिया (प्रधान), शुकलेश कुमार (प्रधान), अनिल यादव, सूर्यभान यादव (पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य), गुड्डू यादव, ज़िला सचिव एवं ज़िला पंचायत सदस्य पप्पू कुमार यादव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नवीन नियुक्तियों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में गहन उत्साह और संगठन के प्रति नए जोश का माहौल दिखाई दिया।
