Breaking News

आज़मगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं ने रोशन यादव का किया भव्य स्वागत

Spread the love

आज़मगढ़ :-  समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को उस समय गहमागहमी का माहौल देखने को मिला जब पार्टी के युवा नेता रोशन यादव को समाजवादी लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने की घोषणा हुई। इस उपलब्धि पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार उत्साह के साथ उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादे गए रोशन यादव का स्वागत कार्यक्रम जिले भर के कार्यकर्ताओं के जुटान का गवाह बना।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने की। उन्होंने कहा कि रोशन यादव को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से युवाओं में नया जोश आया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की शक्ति ही राजनीतिक परिवर्तन की असली ताकत है। साथ ही उन्होंने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने छात्र संघ चुनावों पर रोक लगाकर लोकतांत्रिक परंपराओं को तोड़ा है, जिससे युवा राजनीति की नर्सरी से दूर हो रहे हैं।

हवलदार यादव ने बिहार SIR मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सरकार निष्पक्ष जांच कराने के बजाय मामले को दबाने और प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष युवाओं के अधिकारों और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को नज़रअंदाज़ कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है।

इस मौके पर पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है। प्रदेश में अपराध, लूट, डकैती और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक उत्पीड़न का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लें।

अपने सम्मान से भावुक हुए नवमनोनीत राष्ट्रीय सचिव रोशन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की असली आवाज है। 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए युवा मोर्चा बनकर आगे आएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सूरज राजभर, दुर्गेश यादव, जोरार खान, निशांत राय टीपू, आनंद यादव, प्रदीप कुमार यादव, आशीष यादव, पप्पू यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजीत कुमार राव ने किया। अंत में पार्टी नेताओं ने संकल्प लिया कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा और भाजपा की नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial