आज़मगढ़ पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन
आज़मगढ़। कोटिला चेक पोस्ट स्थित आज़मगढ़ पब्लिक स्कूल में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावनाओं के साथ मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों, देशभक्ति गीतों और छात्रों के उत्साह से सराबोर था।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण समारोह से हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जैसे ही तिरंगा हवा में लहराया, पूरा प्रांगण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। इसके उपरांत सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाकर देश के वीर सपूतों को नमन किया। स्काउट एंड गाइड के छात्रों ने शानदार और अनुशासित मार्च-पास्ट कर ध्वज को सलामी दी, जो सभी के लिए गर्व का क्षण था।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रतिभाशाली एंकरों ने कुशलतापूर्वक किया। उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनसमूह का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंच पर एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी प्रेरणादायक भाषण और ओजस्वी कविताएँ सुनाकर सभी को भावुक कर दिया। “The Value of Freedom” विषय पर प्रस्तुत नाट्य मंचन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, आज़ादी की कीमत और इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया गया। दर्शकों ने इस नाट्य प्रस्तुति को तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
कक्षा 3 के छात्रों ने स्वतंत्रता सेनानी परेड में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसी ऐतिहासिक हस्तियों का रूप धारण कर उनके योगदान को जीवंत किया। इसके अलावा समूह गीत “मेरा मुल्क, मेरा देश” ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नर्सरी से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं तक के बच्चों ने ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। पंजाब का भांगड़ा, गुजरात का गरबा और राजस्थान का घूमर नृत्य विशेष रूप से दर्शकों को बेहद पसंद आया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि सीए मनोज कुमार यादव और एमबीबीएस छात्र मोहम्मद सदीक ने मंच से छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व, जिम्मेदार नागरिक बनने की आवश्यकता और शिक्षा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज़ादी केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि यह निरंतर जिम्मेदारी निभाने का नाम है।
विद्यालय प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान ने अपने उद्बोधन में कहा, “स्वतंत्रता केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि यह एक जिम्मेदारी भी है। हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए और आने वाली पीढ़ी को भी यही संस्कार देना चाहिए, ताकि हमारा राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इसमें सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विशेष अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समापन के बाद मिठाई वितरण किया गया और विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार ने यह संकल्प लिया कि वे शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के माध्यम से भारत को और मजबूत एवं समृद्ध बनाने में योगदान देंगे।
