आज़मगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में स्वास्थ्य सेवा का एक सराहनीय उदाहरण पॉलिटेक्निक चौराहा, हर्रा की चुंगी स्थित AGM हॉस्पिटल में देखने को मिला। अस्पताल प्रबंधन की ओर से शुक्रवार को एक फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद इकराम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर यह पहल की गई है ताकि ऐसे मरीजों को राहत दी जा सके जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और महंगी जांच या दवाएं खरीदने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कहा,
“हम आम दिनों में भी मरीजों की आर्थिक स्थिति देखकर उनकी मदद करते हैं, लेकिन अब हर महीने एक फ्री मेडिकल कैंप आयोजित करेंगे।”
डॉ. इकराम ने बताया कि इस कैंप में हार्ट, शुगर, किडनी, टायफाइड और वायरल फीवर के मरीजों की जांच की गई। कैंप में ईसीजी, ब्लड शुगर और अन्य आवश्यक जांच बिल्कुल मुफ्त की गईं।
विशेष रूप से महिला मरीजों की जांच के लिए हॉस्पिटल की मशहूर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शाज़िया ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए कहा,
“महिलाएं किसी भी घर की रीढ़ होती हैं। अगर वे स्वस्थ नहीं रहेंगी तो परिवार और समाज का संतुलन बिगड़ जाएगा।”
उन्होंने बताया कि आज के कैंप में गाइनिकोलॉजी संबंधी मरीजों की संख्या अधिक रही। सभी महिला मरीजों को मुफ्त जांच और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. शाज़िया ने एक विशेष तथ्य साझा करते हुए कहा कि भले ही आज का मेडिकल कैंप मुफ्त है, लेकिन वे अपने करियर की शुरुआत से अब तक कभी भी किसी महिला मरीज से परामर्श शुल्क नहीं लेतीं। यह कदम उन्हें दूसरों से अलग बनाता है, खासकर ऐसे समय में जब आपात स्थिति में भी कई डॉक्टर भारी शुल्क वसूलते हैं।
कैंप की जानकारी मिलने पर जिले के वयोवृद्ध विधायक आलमबादी भी हॉस्पिटल पहुंचे और डॉ. इकराम व उनकी टीम को इस नेक कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज के लिए प्रेरणा है और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।
मरीजों ने भी इस मेडिकल कैंप की प्रशंसा करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में मुफ्त जांच और दवा मिलना किसी वरदान से कम नहीं है। कैंप में विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों से आए लोग शामिल हुए, जिनके लिए यह सेवा राहत की सांस बनकर आई।
AGM हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचे और आर्थिक तंगी किसी भी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।
स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित यह फ्री मेडिकल कैंप न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि समाज में अब भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो सेवा को अपना धर्म मानते हैं।
