आज़मगढ़ – सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, मुबारकपुर में शुक्रवार को 21वीं सदी के 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2025 का आयोजन बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। विद्यालय प्रांगण तिरंगे की रंगत और देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। जैसे ही तिरंगा लहराया, सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण सामूहिक रूप से खड़े होकर राष्ट्रगान गाने लगे। इसके बाद महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता आंदोलन, तिरंगे की उत्पत्ति, भारत की ‘अनेकता में एकता’ की विशेषता और देश की सांस्कृतिक विरासत पर अपने विचार प्रस्तुत किए। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे और देश के विकास में योगदान देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की झलक देखने को मिली। राष्ट्र के रंगों से बनी आकर्षक रंगोली और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित चित्रकला प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता का सही अर्थ बताते हुए कहा कि यह केवल गुलामी से मुक्ति नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश की प्रगति तभी संभव है जब हम शिक्षा, अनुशासन और देशप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
प्रबंधक महोदय ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर देता है।
समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।
