अराजी बाग में सेवानिवृत्त शिक्षकों की बैठक, प्रदेश अध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत
आज़मगढ़। जिला मुख्यालय स्थित अराजी बाग (ब्रम्हस्थान) शिक्षक सदन के भोला सिंह सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय सेवानिवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष सत्यदेव सिंह के भव्य स्वागत से हुई, जहां सेवानिवृत्त शिक्षकों ने उन्हें फूलमालाओं से लादकर सम्मानित किया।
बैठक में मुख्य रूप से सेवानिवृत्त शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद के सदस्यों ने अतरिक्त वेतन वृद्धि को पेंशन में जोड़कर नोशनल बेस पर लाभ प्रदान करने की मांग दोहराई। उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि यह मुद्दा लंबे समय से लंबित है और शासनादेश जारी होने के बावजूद इसका लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष सत्यदेव सिंह ने अपने संबोधन में अधिकारियों के उदासीन रवैये पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि “नोशनल बेस पर वेतन वृद्धि का शासनादेश जारी हो चुका है, इसके बावजूद शिक्षकों की पत्रावलियों पर कार्यालयों में बेहद धीमी गति से काम हो रहा है। इससे सेवानिवृत्त शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों के हक और अधिकारों के लिए संगठन जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक अपनी आवाज़ बुलंद करेगा। शिक्षकों ने कहा कि सेवा काल में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपना जीवन समर्पित करने वाले शिक्षकों को सम्मान और सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन हकीकत इसके उलट है।
बैठक के अंत में एक शोक प्रस्ताव पारित कर जिला मंत्री श्यामप्यारे यादव के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बृजबिहारी सिंह, मोहम्मद नोमान, राजमंगल यादव, कतवारु सिंह, फौजदार जितेंद्र, सिताराम सिंह समेत कई सेवानिवृत्त शिक्षक मौजूद रहे। बैठक का संचालन संगठन के पदाधिकारियों ने किया और सभी ने एकजुट होकर समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
