रिपोर्ट – राहुल मौर्या, आज़मगढ़
आजमगढ़। महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन देशभक्ति के उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरा विद्यालय प्रांगण तिरंगे की रंगत, फूलों की सजावट और देशभक्ति गीतों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य और उप प्रधानाचार्य एस.एन. यादव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने एक स्वर में राष्ट्रीय गान प्रस्तुत कर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। तत्पश्चात देशभक्तों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस क्रम में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, आरसी मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, कमलेश यादव और पद्मजा पाल सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों की झांकी ने सभी का दिल जीत लिया। मंच पर छात्रों ने वंदे मातरम, ए मेरे वतन के लोगों, सबसे प्यारा देश हमारा है, और ओ देश मेरे जैसे देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से ऐसा समां बांधा कि पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट और जयघोष से गूंज उठा।
अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा, “15 अगस्त 1947 को हमारा देश अंग्रेजी हुकूमत से आज़ाद हुआ। यह दिन हमारे लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। हमें यह आज़ादी वीर शहीदों के बलिदान से मिली है, इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम उनके सपनों का भारत बनाने में अपना योगदान दें।”
प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। “हम सभी को शिक्षा, स्वास्थ्य, और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में सुधार के लिए कार्य करना चाहिए। यही सच्ची देशभक्ति होगी।”
उप प्रधानाचार्य एस.एन. यादव ने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा, “हमारे देश की मजबूती और समृद्धि हम सबके सामूहिक प्रयासों पर निर्भर है। हमें ईमानदारी, परिश्रम और भाईचारे के साथ राष्ट्र निर्माण में भाग लेना चाहिए।”
इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य ने कहा कि आज के युवा पीढ़ी को तकनीक और शिक्षा का सही उपयोग कर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। वहीं, दिनेश यादव ने बच्चों में अनुशासन और देशप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक किशन यादव, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, राहुल तिवारी, अजय कुमार यादव, आरोही मोदनवाल, आदित्य मिश्रा और प्रेमा यादव का विशेष योगदान रहा।
समारोह का समापन राष्ट्रगान और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल स्वतंत्रता दिवस के महत्व को याद दिलाने वाला रहा, बल्कि बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने वाला साबित हुआ।
