सर्वोदय पब्लिक स्कूल में 10वां पदग्रहण समारोह संपन्न, विद्यार्थियों को सौंपा गया जिम्मेदारी का ध्वज
आज दिनांक 11 अगस्त 2025 को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 10वें पदग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक/प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव, विद्यालय की निदेशिका श्रीमती कंचन यादव एवं प्रधानाचार्या श्रीमती बीना पी उथुप ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके उपरांत मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति एवं उत्साह से भर दिया।
समारोह के दौरान विद्यालय के चारों सदनों — राजगुरू सदन, आजाद सदन, सुभाष सदन और भगत सदन — के कप्तानों एवं उपकप्तानों को उनके सदन के ध्वज प्रदान कर जिम्मेदारी का भार सौंपा गया। इन विद्यार्थियों को न केवल अपने सदन का नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा, बल्कि विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में अनुशासन, सहभागिता और समर्पण का आदर्श भी प्रस्तुत करना होगा।
इसके अलावा सांस्कृतिक विभाग, खेलकूद विभाग और अनुशासन विभाग के पदाधिकारियों को भी उनके विभागीय ध्वज देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों में उत्साह और गर्व का माहौल साफ दिखाई दे रहा था। ध्वज ग्रहण करते समय विद्यार्थियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का भाव झलक रहा था।
संस्था के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा,
“किसी भी विद्यालय की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई स्तंभ होते हैं, और प्रत्येक स्तंभ की अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। आज आप सभी को जो दायित्व सौंपा गया है, वह सिर्फ एक पद नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। आप विद्यालय के वो चार स्तंभ हैं, जिनके सहयोग और नेतृत्व से संस्था का संचालन और अनुशासन दोनों मजबूत होंगे।”
प्रधानाचार्या श्रीमती बीना पी उथुप ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
“जिम्मेदारी मिलने से बच्चों के व्यक्तित्व में निखार आता है और वे आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और समय प्रबंधन जैसी अहम कौशल सीखते हैं। यह उनके भविष्य के निर्माण में एक अहम कदम है।”
समारोह में विद्यालय के अध्यापकगण, समस्त छात्र-छात्राएँ एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना की और विद्यार्थियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ। विद्यार्थियों में जहां जिम्मेदारी निभाने का उत्साह था, वहीं पूरे स्टाफ में गर्व और संतोष का भाव देखने को मिला। यह पदग्रहण समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी अवसर साबित हुआ, बल्कि विद्यालय की अनुशासन और संगठन क्षमता को भी एक नई दिशा देने वाला रहा।
