Breaking News

समाजवादी पार्टी ने वोटर लिस्ट में धांधली का लगाया आरोप….

Spread the love

समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में गरजी आवाजें : वोटर लिस्ट में धांधली का लगाया आरोप, गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने पर जोर


तारीख : 7 अगस्त 2025

आजमगढ़ जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक में पार्टी के विधायक, पूर्व सांसद, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने की और संचालन हरिप्रसाद दुबे ने किया। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाई गई और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए गए।

जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अब जनता पर भरोसा नहीं रह गया है। वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण कार्य में भाजपा धांधली कर रही है ताकि चुनाव में फर्जी तरीके से जीत हासिल की जा सके। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस प्रकार चुनाव आयोग ने 65 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए हैं, वह सीधे लोकतंत्र पर हमला है। INDIA गठबंधन संसद से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इस अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर यह जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है कि वे हर बूथ, हर गांव में जाकर वोटर लिस्ट की जांच करें और कोई भी नाम कटने न पाए।

विधायक डॉ. संग्राम ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पी.डी.ए. (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत से भयभीत भाजपा अब लोकतांत्रिक तरीके से नहीं बल्कि धांधली और छल से चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और दमन के खिलाफ जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है और 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।

पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव ने कहा कि गांव-गांव चौपाल लगाकर पी.डी.ए. वर्ग को संगठित और जागरूक करना अब समय की मांग है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा सत्ता के लिए लोकतंत्र के स्तंभों को गिराने पर तुली है, ऐसे में हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह जनता को जागरूक कर लोकतंत्र को बचाने में अपनी भूमिका निभाए।

विधायक अखिलेश यादव, कमलाकांत राजभर, बेचई सरोज ने भी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों सरकारों की नीतियों से आमजन परेशान है। महंगाई, भ्रष्टाचार, युवाओं की बेरोजगारी और किसानों की बदहाली ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

बैठक में विधायक आलम बदी, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, करुणाकांत मौर्य, रामप्यारे यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, अजीत कुमार राव, विवेक सिंह, वसीमुद्दीन अहमद, शोभनाथ यादव, कवि भोला यादव, डॉ. अनीता, इंजीनियर अभिषेक यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में यह संकल्प लिया गया कि आने वाले चुनावों में समाजवादी पार्टी गांव-गांव जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेगी और पी.डी.ए. वर्ग को संगठित कर वोटर लिस्ट में किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्कता बरतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial