Breaking News

 आज़मगढ़  : अहरौला-कप्तानगंज रोड की दुर्दशा से परेशान छात्राओं ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

समदी महिला महाविद्यालय का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद में जुटे विधायक डॉ. संग्राम यादव

 ग्रामीण बेटियों की उच्च शिक्षा व सुरक्षा पर जोर, पराग डेयरी की उपेक्षा का मामला भी उठाया जाएगा

आज़मगढ़  :-  विधानसभा अतरौलिया क्षेत्र के समदी गांव स्थित महिला महाविद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे अहरौला विधायक डॉ. संग्राम यादव ने शनिवार को छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं ने विधायक को बताया कि कॉलेज में 400 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं, जिनमें से अधिकांश दूरदराज से साइकिल, स्कूटी और बाइक के माध्यम से प्रतिदिन आती हैं। लेकिन अहरौला-कप्तानगंज मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति के चलते उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
छात्राओं ने बताया कि कई बार बारिश में कीचड़ के चलते उन्हें गिरकर वापस लौटना पड़ा, तो कभी गड्ढों में गिरने से चोट भी आई। इस संदर्भ में छात्राओं ने विधायक को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रमुख रूप से उच्च डिग्री कोर्सों में विषयों की मान्यता, अहरौला-कप्तानगंज मार्ग की मरम्मत, रोडवेज बस सेवा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने की मांग शामिल थी।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेन्द्र प्रकाश ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की सहायता से सभी कक्षाओं में शीघ्र ही एसी लगाए जाएंगे। अब तक पांच वाटर एआरओ मशीनें लगाई जा चुकी हैं, जबकि डिजिटल क्लास व डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण प्रगति पर है।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि समदी महिला महाविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र का एकमात्र उच्च शिक्षा संस्थान है जहाँ क्षेत्र की बेटियाँ अपनी प्रतिभा को आकार दे रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं की हर मांग को विधानसभा में उठाया जाएगा तथा कॉलेज की सुविधा बढ़ाने हेतु संबंधित विभागों से सहयोग लिया जाएगा।
निरीक्षण के बाद डॉ. यादव समीपवर्ती लेदौरा गांव स्थित वर्षों से उपेक्षित पराग डेयरी फार्म भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह डेयरी कभी प्रतिदिन 8000 लीटर दूध उत्पादन करती थी, जो आज घटकर महज 120 लीटर रह गई है। वर्तमान में किसानों और कर्मचारियों की लगभग 50 लाख रुपये की देनदारी बकाया है। उन्होंने सरकार पर किसानों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस विषय को भी विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. पी.एन., डॉ. अनिल तिवारी, डॉ. कमालुद्दीन, डॉ. प्रज्ञान, डॉ. राकेश, कंचन सहित कई शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial