Breaking News

आजमगढ़ दौरे पर अनुप्रिया पटेल का बड़ा बयान – पंचायत चुनावों से पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका

Spread the love

आजमगढ़ दौरे पर अनुप्रिया पटेल का बड़ा बयान – पंचायत चुनावों से पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका , विपक्ष पर बोलीं- देशविरोधी भाषा बोल रहा है विपक्ष
ब्यूरो रिपोर्ट | आजमगढ़
केंद्र सरकार में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री और अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल शनिवार को आजमगढ़ के दौरे पर पहुंचीं। यहां हरिऔध कला केंद्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन को मजबूती देने और पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पंचायत चुनाव छोटे कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ा अवसर होता है। बहुत से कार्यकर्ता ऐसे हैं जो लोकसभा या विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल पाता। ऐसे कार्यकर्ताओं को अब पंचायत चुनाव में आगे लाया जाएगा, ताकि वे लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
कार्यकर्ता सम्मेलन में अनुप्रिया पटेल ने कहा, “आजमगढ़ से हमारा पुराना रिश्ता है, इसलिए यहां आकर संगठन को और अधिक मजबूत करने का प्रयास कर रही हूं। संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए सभी जिलों में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बैठकें आयोजित की जाएंगी।”
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इस योजना से देशभर में किसानों को लाभ मिला है। सिर्फ आजमगढ़ जिले की बात करें तो अब तक 6.86 लाख किसान इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष भारत विरोधी ताकतों की भाषा बोल रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “जायज मतदाता वंचित न रहें, फर्जी मतदाता सूची से हटे — यही लोकतंत्र की सच्ची भावना है।”
हालांकि जब सरकार में लालफीताशाही और अधिकारियों की निरंकुशता को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने चुप्पी साधना ही बेहतर समझा।
महिलाओं पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों को लेकर अनुप्रिया पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “किसी भी हाल में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। महिलाओं का सम्मान हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”आजमगढ़ दौरे के दौरान अनुप्रिया पटेल ने पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ विपक्ष को भी करारा जवाब दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial