‘हायर एजुकेशन एंड गाइडेंस डे’ का भव्य आयोजन, छात्रों को मिला भविष्य निर्माण का मार्गदर्शन
आजमगढ़ पब्लिक स्कूल, कोटिला चेक पोस्ट में बुधवार को ‘हायर एजुकेशन एंड गाइडेंस डे’ का आयोजन अत्यंत गरिमामय, प्रेरणात्मक और भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों की जानकारी देना और उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे किया गया। इस अवसर पर देश के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों ने सहभागिता की। इनमें ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय (देहरादून), एलायंस विश्वविद्यालय, महिंद्रा विश्वविद्यालय, एमआईटी-एडीटी विश्वविद्यालय (पुणे), पिंपरी चिंचवड विश्वविद्यालय (पीसीईटी) और के.आर. मंगलम विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री ओकेश छाबड़ा ने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन करने और आत्मविश्वास के साथ अपने करियर की दिशा तय करने की प्रेरणा दी। वहीं डॉ. उल्हास अरुण मलवाडे ने नई शिक्षा नीति, उच्च शिक्षा के नवीन विकल्पों एवं विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को विद्यालय परिवार द्वारा अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो भारतीय परंपरा के अनुरूप अतिथियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक था।
छात्रों को विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्तियों एवं करियर से संबंधित गहन जानकारी प्राप्त की। यह आयोजन iEducationalize संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसने छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में नए दृष्टिकोण से अवगत कराया।
विद्यालय के प्रबंधक श्री मोहम्मद नोमान ने कहा कि “प्रतिस्पर्धा के इस दौर में छात्रों को सही दिशा में मार्गदर्शन और जानकारी मिलना अत्यंत आवश्यक है।” प्रधानाचार्या श्रीमती रूपल पंड्या ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “ऐसे आयोजन छात्रों को अपने भविष्य के निर्णयों के प्रति सशक्त बनाते हैं।”
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्या रूना खान, समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण की उपस्थिति रही। यह दिन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणास्पद सिद्ध हुआ।
