Breaking News

आजमगढ़ में चार युवतियां रहस्यमयी ढंग से लापता, मंदिर दर्शन को कहकर निकली थीं घर से

Spread the love

आजमगढ़: जिले के रौनापार थाना क्षेत्र स्थित मानिकपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही गांव की चार युवतियां मंगलवार को मंदिर दर्शन के लिए घर से निकलीं और उसके बाद से रहस्यमयी तरीके से लापता हो गईं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और इस गुत्थी को सुलझाने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव की रहने वाली युवतियां मंगलवार को हनुमान मंदिर, जमुवारी जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने चिंता जाहिर करते हुए उनकी खोजबीन शुरू की। कई जगह पूछताछ करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने रौनापार थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।

लापता युवतियों में एक की मां संजू देवी ने बताया कि उनकी बेटी रंगोली मंदिर जाने के लिए पैसे मांग रही थी। उन्होंने पैसे न होने की बात कही, जिसके बाद रंगोली अपने दूसरे घर पर नहाने चली गई। जब वह वापस आई तो उसकी बहन आंचल घर पर नहीं थी। पूछने पर बताया गया कि वह मंदिर चली गई है।

इसी दौरान एक अनजान मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें आंचल ने बताया कि गांव का ही युवक राजन पुत्र त्रिलोकी भी उनके साथ है। इसके बाद दोबारा फोन संपर्क नहीं हो सका। परिजनों का कहना है कि लड़कियों के मोबाइल बंद आ रहे हैं, जिससे उनकी चिंता और भी बढ़ गई है।

मामले में आजमगढ़ के एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो युवतियों की खोज में लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें अपहरण, प्रेम प्रसंग और आत्मइच्छा से भागने जैसे बिंदु भी शामिल हैं।

फिलहाल चारों युवतियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial