Breaking News

यूपीएससी में सफलता प्राप्त कर लौटी अनामिका पाण्डेय का सर्वोदय पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य स्वागत

Spread the love

 

आज़मगढ़ :-  हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक दिन रहा, जब विद्यालय की पूर्व छात्रा अनामिका पाण्डेय को यूपीएससी-2024 में 579वीं रैंक प्राप्त करने की शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रांगण में सम्मानित किया गया। यह अवसर न सिर्फ सम्मान का था, बल्कि पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।

समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक भावभीने स्वागत गीत से हुई, जिसमें अनामिका के संघर्ष और सफलता की कहानी को सुरों में पिरोया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका श्रीमती कंचन यादव, प्रधानाचार्य श्री विधान तिवारी एवं उपप्रधानाचार्य श्री संजय कुमार विश्वकर्मा ने अनामिका को माल्यार्पण, अंग वस्त्रम् तथा स्मृति चिह्न देकर गरिमापूर्ण सम्मान प्रदान किया।

अनामिका पाण्डेय ने इस अवसर पर कक्षा 12वीं के छात्रों के साथ एक प्रेरक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया, जिसमें उन्होंने कहा, “सपने देखने की हिम्मत रखो और उन्हें पूरा करने की जिद भी। मुश्किलें आएंगी, लेकिन अगर संकल्प दृढ़ हो, तो रास्ते खुद बनते हैं।”
उन्होंने अपनी तैयारी के अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अभ्यास व आत्मअनुशासन पर जोर देने की सलाह दी। छात्र-छात्राओं ने भी बड़े उत्साह से प्रश्न पूछे और अनामिका के उत्तरों से गहराई से प्रेरित हुए।

प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने अनामिका की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने छात्रों से कहा कि “अनामिका जैसी साधारण पृष्ठभूमि की छात्रा जब असाधारण ऊंचाइयों तक पहुंच सकती है, तो यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से कोई भी सपना साकार हो सकता है।”

प्रधानाचार्य श्री विधान तिवारी ने अनामिका को “पथप्रदर्शक” की संज्ञा दी और आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह आयोजन न केवल एक सम्मान समारोह था, बल्कि हर छात्र के मन में यह विश्वास जगाने वाला क्षण था कि “अगर अनामिका कर सकती है, तो हम भी कर सकते हैं।” अनामिका की सफलता अब विद्यालय के कोने-कोने में एक नई ऊर्जा, एक नई उम्मीद और एक नया सपना बनकर गूंज रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial