लखनऊ के बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एम.एम. लॉन में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक तेंदुआ शादी समारोह में घुस आया। इस अप्रत्याशित घटना से मेहमानों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कैमरामैन ने लगाई छलांग, दूल्हा-दुल्हन भागकर कार में छिपे
आलमबाग के पूरन नगर निवासी अक्षय श्रीवास्तव की शादी ज्योति के साथ हो रही थी। रात करीब 9 बजे बाराती-घराती नाश्ता कर रहे थे। इस दौरान दो कैमरामैन शादी की वीडियो शूटिंग के लिए अच्छी लोकेशन तलाश रहे थे। तभी अचानक तेंदुए की एंट्री हुई, जिससे हड़कंप मच गया। तेंदुए को देखते ही एक कैमरामैन ने घबराकर सीढ़ियों से छलांग लगा दी, जबकि दूसरा लॉन में दौड़कर भागा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि तेंदुआ अंदर आ गया है।
लोगों ने जान बचाने के लिए बाथरूम और कमरों में खुद को बंद कर लिया। कुछ लोग डर के मारे मदद के लिए चिल्लाने लगे। शादी हॉल के मालिक रहमान के अनुसार, जैसे ही तेंदुआ आया, पूरे हॉल में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी प्लेटें छोड़कर भागने लगे, और पूरा मैरिज हॉल कुछ ही मिनटों में खाली हो गया।
तेंदुए के छत पर जाने के बाद पुलिस को दी गई सूचना
तेंदुए की दहशत से पूरा माहौल बदल गया। हलवाई, कैटरिंग स्टाफ और अन्य लोग भी भाग खड़े हुए। तेंदुआ जब नीचे भीड़ और शोर से घबराया, तो वह मैरिज हॉल की छत पर चढ़ गया। इसके बाद लोगों ने सुरक्षा के लिए गेस्ट हाउस के चैनल गेट को बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
करीब 10 बजे पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले भीड़ को हटाया गया। फिर ड्रोन मंगवाकर मैरिज हॉल के ऊपर उड़ाया गया, जिससे तेंदुए की लोकेशन का पता चला।
दरोगा पर झपट्टा मारकर किया हमला
वन विभाग की टीम जब सीढ़ियों से ऊपर चढ़ने लगी, तभी तेंदुआ अचानक नीचे आ गया। पुलिसकर्मियों को देखकर वह गुर्राने लगा और वन दरोगा मुकद्दर अली पर झपट पड़ा। हमले में मुकद्दर अली के हाथ पर गहरे जख्म हो गए, जिससे उनके हाथ से राइफल छूट गई। इसके बाद तेंदुआ मैरिज हॉल के दूसरी ओर भाग गया।
पुलिस और वन विभाग की टीम कई घंटों तक तेंदुए को पकड़ने की कोशिश करती रही। तेंदुआ कभी अंदर जाता, तो कभी भागकर बाहर आता। पूरी टीम सतर्कता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही।
घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को किया गया रेस्क्यू
कई घंटे चले इस अभियान के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ संभवतः किसी जंगल से भटककर आबादी क्षेत्र में आ गया था। उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने शादी में आए लोगों के लिए एक यादगार लेकिन खौफनाक अनुभव छोड़ दिया।
