Breaking News

आजमगढ़: 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Spread the love

आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक फरार आरोपी 50 हजार के इनामी बदमाश आशीष उर्फ छोटू को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, हुंडई कार, दो मोबाइल और 1200 रुपये नकद बरामद किए।

क्या है पूरा मामला?

8 फरवरी 2024 को बरदह थाना क्षेत्र के सोनहरा गांव में रणविजय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रणविजय अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से मार्टिनगंज बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने गांव की महिला शर्मिला पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने पहले ही कर दी थी कई गिरफ्तारियां
घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर महेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, फुर्ती लाल यादव, सुरेश यादव, रामगनी यादव और छोटेलाल यादव सहित कई आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था। 13 फरवरी 2024 को इन सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया था। इसके अलावा, घटना में शामिल हरेन्द्र यादव, संजय यादव, दीपचन्द्र निषाद उर्फ दीपू उर्फ सिपाही, राजेन्द्र यादव और शर्मिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

मुठभेड़ में ऐसे दबोचा गया इनामी बदमाश

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आज सुबह कोदहरा चौराहे के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध हुंडई कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी और उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान आशीष उर्फ छोटू के रूप में हुई, जो बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है। वह हत्या की वारदात में शूटर की भूमिका में था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी है और कई मामलों में वांछित था। उसके कब्जे से एक देसी तमंचा, कारतूस, हुंडई कार, दो मोबाइल और नकदी बरामद की गई है। उसे इलाज के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial