आजमगढ़ :- जहानागंज थाना क्षेत्र के सेमा ग्राम सभा के पड़रबोझ गांव में स्थित काली माता मंदिर में सोमवार की रात में कुछ अराजकतत्वों ने मां काली की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया और मंदिर में लगी घंटी में मछली लटकाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है । इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया….।
चौहान बस्ती में स्थित यह प्राचीन काली माता मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है…..। सोमवार की रात हुए इस शर्मनाक घटना ने पूरे गांव में आक्रोश की लहर दौड़ा दी। जब स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह मंदिर में हुई तोड़फोड़ और घंटी में लटकाई गई मछली देखी, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका से प्रशासन सतर्क हो गया है…।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) हेमराज मीणा ने बताया कि अराजकतत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “हम हर पहलू पर जांच कर रहे हैं और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया है।
जहानागंज थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने भी इस मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे छिपे मकसद का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह कृत्य न केवल उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि समाज में अशांति फैलाने की कोशिश है। ग्रामवासियों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से अभी तक किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। पुलिस ने स्थानीय समुदायों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की हिदायत भी दी गई है।
