आजमगढ़ जनपद के जहानागंज बाज़ार के समीप स्थित श्री गौरी शंकर बालिका इंटर कॉलेज और वी०के०एस० मेमोरियल स्कूल में बुधवार, 25 दिसंबर को विज्ञान प्रदर्शनी और बाल मेले का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ० प्रियंका मौर्या ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डी०सी० त्रिपाठी, डब्बू सिंह और श्री राम राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाध्यापक शिवपूजन सिंह भी उपस्थित रहे।
इस विज्ञान प्रदर्शनी में स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रदर्शन किया। सौ से अधिक विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, सौर मंडल, पर्यावरण संरक्षण, स्मार्ट सिटी और सौर ऊर्जा जैसे विभिन्न विषयों पर बनाए गए मॉडल प्रस्तुत किए। इसके अलावा, हैंड एंड क्राफ्ट की अलग प्रदर्शनी ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया था, जिससे बच्चों की रचनात्मकता को अधिक सराहना मिली। मुख्य अतिथि डॉ० प्रियंका मौर्या ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की प्रशंसा की और उनकी प्रतिभा को सराहा। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच रखने और नवाचार पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “आज का युग नवाचार का है। हमें विज्ञान के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी नई सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।”
डी०सी० त्रिपाठी ने कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा, “यहां आकर मुझे अपने स्कूल के दिन याद आ गए। बच्चों ने बड़ी मेहनत और लगन से अपने प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। ये बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं।”
स्कूल की प्रधानाध्यापिका मंजू सिंह और विद्यालय के समस्त स्टाफ ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रवक्ता रंजू सिंह ने किया।
यह आयोजन बच्चों के लिए न केवल एक सीखने का अनुभव था, बल्कि उनके नवाचार और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का भी एक बेहतरीन मंच साबित हुआ। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और इस तरह के आयोजन को भविष्य में भी प्रोत्साहित करने की बात कही।
