Breaking News

लड़कियों की शिक्षा पर कस्तूरबा विद्यालय में सोशल एक्शन प्रोग्राम किया गया आयोजित

Spread the love

आजमगढ़। ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान, आजमगढ़ एवं मिलान फाउंडेशन, लखनऊ के संयुक्त प्रयास से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अतरौलिया में “लड़कियों की शिक्षा” पर सोशल एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन गर्ल आइकन चांदनी द्वारा किया गया, जिसमें बच्चियों के अभिभावकों और विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मिलान फाउंडेशन से रंजना शुक्ला रहीं। प्रिंसिपल अनामिका कुशवाहा, अध्यापिका अमृता राय और एसएमसी अध्यक्ष आरती ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
गर्ल आइकन चांदनी ने बताया कि मिलान फाउंडेशन का कार्यक्रम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में संचालित है। गर्ल आइकन कार्यक्रम का उद्देश्य लड़कियों को शिक्षित, सुरक्षित और स्वस्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज को लड़कियों की शिक्षा के प्रति अपनी सोच बदलनी होगी।
अध्यापिका अमृता राय ने कहा कि “लड़कियां भी लड़कों की तरह आगे बढ़ सकती हैं। हमें किताबों से अधिक जीवन के अनुभव से सीखने की जरूरत है। हमारे अध्यापक हमें प्रेरणा देते हैं कि अगर वह सफलता प्राप्त कर सकते हैं, तो हम भी कर सकते हैं।”
प्रिंसिपल अनामिका कुशवाहा ने शिक्षा को विकास की कुंजी बताया और कहा कि “शिक्षा से ही समाज और देश का विकास संभव है। सरकार भी लड़कियों की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही है।” उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों (181, 1090, 1098, 102, 108, 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076) के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने लड़कियों की शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्था सचिव राजदेव चतुर्वेदी ने भी अपने विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial