आज़मगढ़ में आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने किया, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 15 नमूनों को जांच के लिए एकत्रित किया गया।
जांच दल ने कालीनगंज और अन्य क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों से कुट्टू का आटा, सिंघाड़ा आटा, मूंगफली, तिन्नी का चावल, साबूदाना, मखाना और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने संदेह के आधार पर जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला भेजे। टीम की कार्यवाही से दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर भाग गए।
इस छापेमारी के दौरान जन जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें लोगों को व्रत के दौरान उपयोग में आने वाले फलाहारी खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच करने की सलाह दी गई। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ वैध खाद्य पंजीकरण और अनुज्ञप्ति प्राप्त करने की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविंद यादव, कीर्ति आनंद, संजय कुमार तिवारी और अन्य अधिकारी शामिल थे।
