Breaking News

शोहदे से परेशान छात्रा ने आजमगढ़ एसपी से लगाई गुहार ..

Spread the love

आजमगढ़ जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां मेहनगर थाना क्षेत्र की एक 12 वर्षीय नाबालिग़ लड़की ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। छात्रा ने कहा कि गांव का एक दबंग युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है, और अगर उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो उसे अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ सकती है।

घटना 3 अगस्त की सुबह 7 बजे की है, जब लड़की साइकिल से स्कूल जा रही थी। उसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने उसे बीच सड़क पर रोक लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब लड़की ने इसका विरोध किया, तो युवक ने उसे पीटना शुरू कर दिया और साइकिल से धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वह घायल हो गई और बेहोश हो गई। घटना के समय सड़क पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपी स्थानीय बाजार में चाऊमीन का ठेला लगाता है और पहले भी उसे आते-जाते समय परेशान करता था। उसने यह भी कहा कि जब इस घटना की शिकायत उसके परिजनों ने स्थानीय थाने में की, तो पुलिस ने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया और उन्हें डांटकर भगा दिया गया।

लड़की ने पुलिस अधीक्षक से भावुक अपील करते हुए कहा, “साहब, मुझे उस शोहदे से बचा लीजिए। वो मुझे छेड़ता है, मारता-पीटता है। अगर उसके ऊपर कार्रवाई नहीं हुई, तो मुझे अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ेगी।”

पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। लड़की और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए पुलिस टीम अब सक्रिय हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial