Breaking News

’’इंद्रधनु मन के’’ कालजयी अनुकरणीय पुस्तक : डॉ. राजाराम

Spread the love


शैदा साहित्य मंडल आजमगढ के बैनर तले ’’इंद्रधनु मन के’’ पुस्तक का हुआ विमोचन


आजमगढ़।
 शैदा साहित्य मंडल आजमगढ़ के तत्वावधान में पुस्तक विमोचन एवं कवि गोष्ठी का आयोजन पठकौली स्थित हरिहर प्रसाद पाठक के आवास पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना हुआ। गोष्ठी के मौके पर लेखक हरिहर प्रसाद पाठक रचित पुस्तक ’’इंद्रधनु मन के’’ का विमोचन हुआ और साहित्यकारों और कवियों ने पुस्तक की भूरि-भूरि सराहना करते हुए उनके अनवरत साहित्य साधना पर प्रकाश डाला।
पुस्तक को आने वाले समय के लिए एक मार्गदर्शक बताते हुए डॉ जगदंबा प्रसाद दुबे ने कहा कि पुस्तक में साहित्यकार एवं कवियों की साहित्यिक समीक्षा होने से निश्चित रूप से साहित्यिक जगत को नया मुकाम दिलाती है।
डा. प्रवेश सिंह ने कहा कि सेना की नौकरी करते हुए अनवरत साहित्य साधना में तल्लीनता प्रशंसनीय व अनुकरणीय है। डॉ ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने पुस्तक में वर्णित अनेक ऐसी रचनाओं का उदाहरण दिया जो समसामयिक के साथ-साथ समाज देश तथा साहित्य के लिए आधार स्तंभ है। कवित्री डॉ मनीषा मिश्रा ने पुस्तक को इस कालखंड का अप्रतिम पुस्तक बताया। डॉ आशा सिंह ने कहा कि पुस्तक में सभी प्रकार के रसों का समावेश है।
अध्यक्षीय संबोधन में साहित्य भूषण से सुशोभित डॉ राजा राम सिंह ने पुस्तक के सभी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए इसे कालजयी अनुकरणीय व्याकरण सम्मत पुस्तक बताते हुए सराहना की।
अंत में सभी के प्रति आभार जताते हुए भारतीय सेना में सीनियर जे.सी.ओ. पद से सेवानिवृत्त व लेखक हरि हर पाठक ने कहा कि आजमगढ़ की धरती का साहित्यकारों से गहरा नाता रहा, इनकी ही प्रेरणाओं ने मुझे ’’इंद्रधनु मन के’’ पुस्तक संजोने की शक्ति दी। संचालन विजयेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव करुण ने किया।
इस अवसर पर डॉ मदन मोहन पांडे, आदित्य आजमी, रुद्रनाथ चौबे, राजनाथ राज, राकेश पांडे सागर, आलोक शर्मा, राजेश कुमार अनंत, अजय कुमार पांडे, स्नेह लता राय, इंदु श्रीवास्तव, सरोज यादव, जय हिंद सिंह, महेंद्र मृदुल, आनंद पाठक सहित कई साहित्यकार एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial