Breaking News

श्रीराम संग सीता का हुआ विवाह, जयकारों से गूंजा क्षेत्र

Spread the love
आजमगढ़। पुरानी कोतवाली में चल रही श्री रामलीला में कलाकारों ने बुधवार की रात श्रीराम विवाह, कलेवा और सीता विदाई का जीवंत मंचन किया। सीता जी की विदाई देख दर्शकों की आंखे छलछाला गई। वहीं दर्शकों द्वारा लगाए जा रहे जयकारों से वातावरण राममय हो गया था।
 श्रीरामलीला की शुरूआत भगवान की आरती के बाद हुआ। श्रीरामलीला मंचन के क्रम में सीता स्वयंवर के बाद राजा जनक अपनी पुत्री सीता के विवाह की तैयारियों में जुट जाते हैं। जनकपुर को फूल-मालाओं से सजाया जाता है। बाद में विधि-विधान से श्रीराम और सीता जी का विवाह होता है। इस दौरान आकाश से देवी-देवता पुष्पों की वर्षा करते हैं। श्रीराम विवाह के दौरान विवाह गीतों की प्रस्तुति कर कलाकारों ने श्रद्धालुओं को खूब गुदगुदाया। इसके बाद समिति के घराती बने समाजसेवी ऋत्विक जायसवाल सहित कार्यकर्ताओं ने श्रीराम सहित अयोध्या से आए बारातियों को स्वादिष्ट भोजन खीर, पुरी आदि का स्वाद चखाया। जिससे बाराती गदगद हो उठे। इस दौरान समाजसेवी ऋत्विक जायसवाल, डॉ. अशोक सिंह ने कार्यक्रम स्थल की सफाई में लगे शहाबुद्दीन,आरिफ सहित व्यवस्था में लगे नूर आलम को और विशेष सहयोग के लिए पूर्व सभासद गौतम सेठ को सम्मानित किया। सम्मान के बाद कलाकारों ने सीता विदाई का मंचन किया। मंचन में राजा जनक अपनी पुत्री सीता जी की विदाई करते हैं और फूट-फूट कर रोते हैं। इस दृश्य को देख सभी के आंखों से आंसू छलक जाते हैं। कार्यक्रम का संचालन समिति के संयोजक विभाष सिन्हा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial