Breaking News

घरौनी पाकर खिल उठे लाभार्थियों के चेहरे

Spread the love

 लाभार्थी को घरौनी वितरित करतीं केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति।

फतेहपुर। प्रदेश सरकार की ओर से स्वामित्व योजना के अंतर्गत तैयार किए गए ग्रामीण आवास अभिलेख (घरौनी) वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन सभागार लखनऊ में किया। जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सभी ने देखा व सुना। तत्पश्चात मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने लाभार्थियों के बीच घरौनी का वितरण किया। घरौनी हाथ में पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि घरौनी मिल जाने से अब गरीबों को उनके आवास का मालिकाना हक मिल गया है। ऐसे में अब वह भविष्य में किसी भी विवाद का सामना नहीं करेगे। जहानाबाद विधायक ने मोदी के ऐतिहासिक फैसलों को देशहित में कारगर बताया।
लाभार्थियों को घरौनी देते हुए जिले की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि जिस प्रकार से खेतों का वैधानिक अभिलेख खतौनी है, उसी प्रकार घर का वैधानिक अभिलेख घरौनी होगा। इस प्रकार अब घर के स्वामित्व को लेकर विवाद नहीं होंगे। लोग पूरे हक के साथ कह सकेंगे कि यह हमारा घर है। उन्होंने कहा कि नागरिक ऋण लेने के लिए घरौनी का प्रयोग करके अपना स्वारोजगार लगाकर अपने को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। घरौनी को आधार से लिंक कराया गया। घरौनी से आमजन को बहुत सहूलियत मिलेगी और विवाद भी नहीं रहेगा। कोर्ट के भी पैसा बर्बाद नहीं होगा। अयाह-शाह विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घरौनी का वितरण किया है। प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं कि ऐसी योजना चलाकर लोगों का विवाद दूर किया और अब लोगों को मालिकाना हक मिलेगा। जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक फैसले लिए जो देशहित में कारगर साबित हो रहे हैं। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास, सबके सहयोग से कार्य कर रही है। जिससे नागरिकों को सहूलियत मिल रही है। कार्यक्रम का सफल संचालन उप जिलाधिकारी बिन्दकी अवधेश कुमार निगम ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) विनय कुमार पाठक, उप जिलाधिकारी नंद प्रकाश मौर्य, उप जिलाधिकारी बिन्दकी अवधेश कुमार निगम, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी मिश्रा, अपर उप जिलाधिकारी अंजू वर्मा उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial