फतेहपुर। ललौली थाने के कस्बा बहुआ मोहल्ला कृष्णा नगर में गुरूवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 26 वर्षीय महिला ने घर के अंदर साड़ी से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, वहीं मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार बहुआ के कृष्णानगर मोहल्ला निवासी राजकुमार सिंह की पत्नी ममता देवी ने गुरूवार शाम संदिग्ध अवस्था में घर के अन्दर सरिया में अपनी ही साडी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई बृजेश सिंह निवासी बिलगांव थाना बिसंडा जनपद बांदा ने पति समेत ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के समय ससुरालीजन अल्टो गाडी की मांग कर रहे थे लेकिन उसने अपनी हैसियत बताते हुये मोटरसाइकिल दिया था। शादी के बाद से ही ससुरालीजन उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालीजनों ने उसकी हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया। मृतका के भाई ने यह भी बताया कि ससुरालीजनों ने उसे सूचना नहीं दिया बल्कि पड़ोसियों ने घटना की सूचना दी। जब हम लोग अपनी बहन की ससुराल पहुंचे तब शव फांसी पर नहीं चारपाई पर पड़ा था। उसने बताया कि ससुरालीजनों के बीच कुछ कहासुनी हुई तो पुलिस की मौजूदगी ने रिषू सिंह नामक युवक उसे मारने के लिये दौड़ा लेकिन वहॉ मौजूद पुलिस ने कुछ भी नहीं कहा बल्कि अपनी ही मर्जी से पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
