फतेहपुर। मतदाताओं में निर्वाचन के प्रति जागरूकता लाए जाने के उद्देश्य से युवा विकास समिति ने पहल करते हुए मतदाता जागरूकता रथ का आयोजन किया। जिसको जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के प्रत्येक विकास खंड में जाकर मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक करेगा। जिससे इस बार जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सके।
मतदाता जागरूकता रथ को रवाना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशन में लगातार स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताआें को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। युवा विकास समिति का मतदाता जागरूकता रथ भी अब मतदाताओं को जागरूक करेगा। युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि 23 फरवरी को जनपद का युवा बढ़-चढ़कर मतदान करें। नशा मुक्त अभियान के प्रमुख शांतिदूत रूपम मिश्रा ने कहा कि चुनाव में नशा सामग्री का प्रयोग नहीं होना चाहिए। युवा वर्ग नशा मुक्त होकर अपना व देश का भविष्य तय करें। इस मौके पर नगर अध्यक्ष आफताब, सुशील मिश्रा भी मौजूद रहे।
