फतेहपुर। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ किसी तरह के जुलूस को जाने से रोकने के लिए कलक्ट्रेट आने वाले दोनों मार्गों पर बैरीकेट्स लगाकर बंद किया गया था। प्रेक्षागृह की ओर से कलेक्ट्रेट आने वाले मार्ग पर पटेल नगर चौराहा के आगे विधायक कृष्ण पसवान के निवास के निकट बैरियर लगाया गया था जबकि रामा-श्यामा के सामने वाले गेट को बंद कर केवल दीवानी गेट के सामने वाले गेट से नामांकन व्यवस्था की गई थी। नांमाकन स्थल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं गेट पर एलआईयू की टीम तैनात रही। जिसकी जांच पड़ताल के बाद पर्चा खरीदने वाले एवं पर्चा दाखिल करने वाले कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर सके। नामांकन पत्रों की खरीददारी करने व पर्चा दाखिल करने के दौरान प्रत्याशियों व प्रस्तावकों की सुरक्षा को देखते हुए पर्दे लगाकर बंद गलियारा बनाया गया था। नामांकन के दौरान सत्ता पक्ष एवं विपक्षी दलों के प्रत्याशियों एवं समर्थकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार द्वारा नामांकन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ लिया गया। वहीं स्थल पर दिन भर सीओ सदर के नेतृत्व में भारी संख्या मर पुलिस बल मौजूद रहा।
