रिपोर्ट – राहुल मौर्या, आज़मगढ़
आज़मगढ़ : महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में 77वें गणतंत्र दिवस का पर्व अत्यंत उल्लास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। तिरंगे की शान में सजा विद्यालय प्रांगण देशभक्ति के गीतों, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और संविधान के आदर्शों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों और प्रबंधन तक सभी ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लेते हुए इस ऐतिहासिक दिवस को यादगार बना दिया…..।
बता दे कि सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गौरव, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डी.पी. मौर्य द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशप्रेम की भावना से गूंज उठा।
इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामनयन मौर्य एवं उप-प्रधानाचार्य एस.एन. यादव ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों — न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व — को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा राष्ट्रीय एकता पर हिंदी एवं अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। वहीं विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा देशभक्ति विषय पर आधारित नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। ‘जहां पांव में पायल’, ‘संदेशे आते हैं’, ‘ऐसा देश है मेरा’ और ‘तेरी मिट्टी’ जैसे देशभक्ति गीतों पर हुई प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक देवी प्रसाद मौर्य ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है, क्योंकि इसी दिन हमारे देश को वह संविधान मिला जिसने हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता प्रदान की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं के चरित्र, शिक्षा और संस्कारों पर निर्भर करती है। विद्यार्थियों से उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम को जीवन का मूल मंत्र बनाकर भारत को विश्व पटल पर और अधिक गौरवान्वित करने का आह्वान किया। साथ ही सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की मंगलमय शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय को-ऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, एक्टिविटी इंचार्ज शरद गुप्ता, धीरेंद्र मोहन एवं प्रेमा यादव का विशेष योगदान रहा। अनुशासनाधिकारी राहुल तिवारी एवं अजय यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर कमलेश यादव, पद्मजपाल सिंह, मेवालाल यादव, जितेंद्र तिवारी, राधाकृष्ण यादव, राजेश यादव, प्रत्यूष मिश्रा, ओंकार यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशन यादव एवं आरोही मोदनवाल ने किया।
