भारत सरकार के खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों पर आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का सफल आयोजन 5 से 11 जनवरी, 2026 तक दमन और दीव में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पेंचक सिलाट, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित कई खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम से कुल 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें आजमगढ़ जिले के चार होनहार खिलाड़ी—सूरज यादव, आर्यवीर सिंह, अनमोल यादव और शैलेन्द्र सोनकर—शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल और जुझारूपन का परिचय देते हुए सूरज यादव और आर्यवीर सिंह ने कांस्य पदक जीतकर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि आजमगढ़ जिले का भी गौरव बढ़ाया। वहीं, अनमोल यादव और शैलेन्द्र सोनकर का सफर क्वार्टर फाइनल तक रहा, जहां उन्होंने कड़े मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश टीम के साथ कोच के रूप में ज्ञानेंद्र चौहान मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ-साथ उनका मनोबल भी ऊंचा बनाए रखा। प्रतियोगिता में पदक जीतकर आजमगढ़ लौटने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने सिविल लाइन स्थित कैंप कार्यालय में सभी खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश से 11 खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया बीच गेम्स में प्रतिभाग किया, जिनमें आजमगढ़ के चार खिलाड़ियों की भागीदारी जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पेंचक सिलाट अब भारत सरकार की प्राथमिकता सूची में शामिल खेलों में से एक है, जिससे इस खेल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच और अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर देश, प्रदेश व जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
स्वागत समारोह में रजनीश श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, शैलेश प्रजापति, अरविंद चित्रांश, अमन श्रीवास्तव, अभय चौरसिया, धीरज शुक्ला, अभिषेक मौर्या, रितेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से आजमगढ़ जिले में खेलों के प्रति उत्साह और युवाओं में प्रेरणा का माहौल बना हुआ है।
