Breaking News

आजमगढ़ में मोबाइल शॉप चोरी का खुलासा, 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, 4.75 लाख से अधिक का माल बरामद

Spread the love

आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित कन्हैया मोबाइल की दुकान से हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 चोरी के मोबाइल फोन और तीन टैबलेट बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 75 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है।

पीड़ित दुकान मालिक की ओर से शहर कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल खुलासे के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया गया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अजय कुमार सिंह, पुत्र सत्यनारायण सिंह, पिछले करीब 20 वर्षों से कन्हैया मोबाइल दुकान में काम कर रहा था। लंबे समय से काम करने के कारण उसने दुकान मालिक का विश्वास जीत लिया था और दुकान की चाबी अपने पास रख ली थी। घटना की रात दुकान बंद होने के बाद अभियुक्त दोबारा दुकान पहुंचा, शटर खोलकर मोबाइल और टैबलेट चोरी कर लिए और चोरी को बाहर से हुई घटना दिखाने के लिए दरवाजे की कुंडी वाली दीवार को तोड़ दिया।

कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना का त्वरित अनावरण और लाखों रुपये के सामान की बरामदगी पर दुकान मालिक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial