आजमगढ़। घरेलू कलह ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। तरवां थाना क्षेत्र के महुआरी मठिया गांव में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति सुनील यादव को पुलिस ने कम्हरिया मोड़ से शनिवार दोपहर गिरफ्तारी कर लिया। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12:45 बजे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया गया है।
थाना तरवां पुलिस द्वारा बताया गया कि आरोपी सुनील यादव के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 321/2025 धारा 103(1) बीएनएस पंजीकृत कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष के साथ कांस्टेबल सौरभ कुमार और अजय यादव शामिल रहे। पूछताछ में सुनील ने स्वीकार किया कि गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रगति पर है।
बीते शुक्रवार रात महुआरी मठिया गांव में सुनील यादव (40) और उसकी पत्नी सुनीता यादव (35) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ा तो सुनील ने आवेश में आकर पहले पत्नी को लात-घूंसों से पीटा और फिर पेंचकस व सब्जी काटने वाले चाकू से गले व शरीर पर कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर तीनों बच्चे—16 वर्षीय हर्ष, 14 वर्षीय अंशिका और 8 वर्षीय प्रिंस—डर के मारे सहम गए। बच्चों ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर टीम पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और डॉग स्क्वायड व फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, पड़ोसी शोर सुनने के बावजूद घर में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
मृतका के भाई त्रिवेणी यादव ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बहन की शादी 18 वर्ष पूर्व इसी गांव के सुनील यादव से हुई थी। मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की वजह घरेलू कलह बताया है। वहीं, आरोपी पक्ष ने महिला को झगड़ालू बताया, परंतु पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव सदमे में है। तीनों मासूमों की डरी-सहमी हालत देखकर लोग भी भावुक हो उठे। पुलिस इस केस को गंभीरता से लेते हुए जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
