आजमगढ़ :- मुबारकपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में रविवार को विज्ञान और गणित प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक अयाज़ अहमद खान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक मौजूद रहे। प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में कक्षा 4 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने लगभग 150 मॉडलों के माध्यम से विज्ञान और गणित के विविध सिद्धांतों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। छात्रों द्वारा बनाए गए प्रमुख मॉडलों में विंडमिल, सोलर सिस्टम, हाइड्रोलिक क्रेन, वाटर साइकिल, ट्रैफिक नियंत्रण प्रणाली, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत और गणितीय आकृतियाँ शामिल थीं। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली और वैज्ञानिक महत्व को विस्तार से समझाते हुए दर्शकों और अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय के मैनेजर आज़ाद अहमद खान ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा की दिशा में प्रेरित करती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम में विज्ञान प्रदर्शनी के साथ-साथ विंडमिल प्रतियोगिता, प्रोफेशनल विजिट और एलोकेशन प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें नई खोजों के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा सिंह, वरिष्ठ शिक्षक ज़मीर अहमद और हाजी मोहम्मद रज़ा ने सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के समापन पर संस्थापक अयाज़ अहमद खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं और यही युवा पीढ़ी भविष्य में देश के वैज्ञानिक विकास की आधारशिला बनेगी।
