Breaking News

आजमगढ़ : SNRD पब्लिक स्कूल में नन्हे कलाकारों ने रंगोलियों से बिखेरी दीपावली की रौनक

Spread the love


आजमगढ़। सिधारी स्थित SNRD पब्लिक स्कूल में शुक्रवार, 17 अक्टूबर को आगामी दीपावली पर्व बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता से सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना था।

बच्चों ने रंग-बिरंगे रंगों से आकर्षक रंगोलियां बनाईं और स्लोगन लिखकर समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिए। विद्यालय परिसर दीपों, दीयों और बच्चों की मुस्कान से जगमगा उठा। नन्हे कलाकारों ने स्वदेशी दीयों, क्ले से बनी मूर्तियों और चार्ट पेपर पर दीपावली शुभकामना संदेशों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में छात्रों ने ऑपरेशन सिंदूर, नारी पढ़ाओ-नारी बचाओ, चंद्रयान, वन नेशन-वन इलेक्शन, सेव वॉटर, और पर्यावरण स्वच्छ व सुंदर जैसे विषयों पर आधारित रंगोलियां बनाकर समाज को प्रेरित किया। उनके स्लोगनों में “बेटी बचाओ, देश बढ़ाओ”, “जल है तो कल है”, “स्वच्छ भारत, सुंदर भारत” जैसे संदेश गूंज उठे। इन रचनात्मक प्रस्तुतियों ने न केवल विद्यालय परिसर को दीपोत्सव की रंगीन छटा से भर दिया, बल्कि उपस्थित लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास भी कराया।

कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने बच्चों की कला और सोच की जमकर सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक सरोकार और रचनात्मक सोच विकसित होती है। वहीं निदेशक शिवम तिवारी ने सभी को धनतेरस और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा और जागरूकता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे नवाचारों के माध्यम से समाज को दिशा देने का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य संदीप गुप्ता, जनार्दन गौतम, साहब जां, सागर कुमार, आकाश यादव, हर्षदीप वर्मा, राकेश यादव, सुनीता शर्मा, रचित सेठ, निशा वर्मा, सोनाली गौड़, नेहा यादव, श्वेता श्रीवास्तव, समीरा, मीना, और सुजाता सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का समापन दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। दीपावली की इस रचनात्मक प्रस्तुति ने विद्यालय परिवार के साथ-साथ सभी उपस्थित लोगों के मन में आनंद और प्रेरणा की ज्योति जगा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial