Breaking News

आजमगढ़ में शरारती तत्वों ने पेट्रोल छिड़ककर थार गाड़ी जलाई, फॉर्च्यूनर को भी नुकसान….

Spread the love

आजमगढ़ में शरारती तत्वों ने पेट्रोल छिड़ककर थार गाड़ी जलाई, फॉर्च्यूनर को भी नुकसान

आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सगड़ी गांव में शरारती तत्वों ने देर रात एक व्यक्ति के दरवाजे पर खड़ी थार गाड़ी को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। घटना में थार गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि बगल में खड़ी फॉर्च्यूनर भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक आग लगाते और भागते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वाहन मालिक सलीम अहमद, निवासी सगड़ी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में थार गाड़ी खरीदी थी। प्रतिदिन की भांति बुधवार की रात भी थार और फॉर्च्यूनर को उन्होंने दरवाजे पर खड़ा किया था। लगभग रात 2 बजे के करीब अचानक गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। जब घर के लोग बाहर निकले तो देखा कि थार धू-धूकर जल रही थी। ग्रामीणों की मदद से आग को काबू करने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक थार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
सलीम अहमद ने बताया कि आग लगने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस बीच ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर बगल में खड़ी फॉर्च्यूनर को हटाया, जिससे वह पूरी तरह जलने से बच गई। बावजूद इसके फॉर्च्यूनर को भी आग की लपटों से आंशिक नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो दो अज्ञात युवक गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते और फिर भागते हुए नजर आए। वाहन मालिक का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है और वे खुद भी इस घटना से हैरान हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। जीयनपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

ग्रामीणों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि देर रात किसी के दरवाजे पर खड़ी गाड़ी को इस तरह आग लगा देना गंभीर घटना है। लोग इसे इलाके की शांति भंग करने की साजिश मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial