आज़मगढ़ :- जीयनपुर थाना क्षेत्र में घटित एक हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले को दहला दिया है। रेलवे में कार्यरत लोको पायलट की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पहले युवक की बुरी तरह पिटाई की गई और फिर उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
मृतक की पहचान नौशहरा गांव निवासी दुर्गेश कुमार के रूप में हुई है। दुर्गेश रेलवे विभाग में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे। कुछ समय से वे बाहर नौकरी कर रहे थे और हाल ही में पीईटी परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आज़मगढ़ आए हुए थे। बताया जा रहा है कि दुर्गेश का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था, जिसे युवती के परिवारवाले सख्ती से नकारते रहे। यही प्रेम प्रसंग उनकी हत्या का कारण बन गया।
पंचायतें भी नहीं रोक सकीं रिश्ता
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और कई बार पंचायतें भी की गईं। पंचायतों में दुर्गेश पर दबाव बनाया गया कि वह इस संबंध को खत्म कर दे, लेकिन दुर्गेश अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। रिश्ते का यह विरोध धीरे-धीरे रंजिश में बदल गया और आखिरकार यह हत्या जैसी सनसनीखेज वारदात का रूप ले बैठा।
वारदात की कहानी
परिजनों के आरोप के अनुसार, दुर्गेश को पहले मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किया गया। इसके बाद उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया।
आक्रोशित ग्रामीणों का जाम
पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव को जीयनपुर बाजार ले आए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदारों ने भयवश अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया और करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी ग्रामीण ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष दो की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना पूरी गंभीरता से की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इलाके में तनाव
इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हत्या सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम है। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस बल गांव और बाजार में तैनात कर दिया गया है ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
दुर्गेश की हत्या ने एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों को लेकर मौजूद पुरानी सोच और मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पंचायतों और विरोधों के बावजूद दुर्गेश ने अपने रिश्ते को कायम रखा, लेकिन इसका परिणाम उनकी असमय मौत के रूप में सामने आया। अब देखना यह होगा कि पुलिस विवेचना के बाद इस मामले में कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिलता है।
