Breaking News

आज़मगढ़ : मोदी-योगी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम, सपा नेताओं का आरोप

Spread the love

आज़मगढ़।  रविवार को सपा की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर चर्चा हुई और नेताओं ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री और विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा की मोदी-योगी सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है। किसानों की हालत खराब हो चुकी है। उन्हें खाद और यूरिया ब्लैक में खरीदनी पड़ रही है। नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान बदहाल हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करेली ने सरकार पर जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अधिकारियों और बीएलओ की पोस्टिंग जाति के आधार पर की जा रही है। यही नहीं पंचायत चुनाव में फर्जी तरीके से वोट बढ़ाने का खेल भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मूल भावना को कुचला जा रहा है।

विधायक डॉ. संग्राम यादव, अखिलेश यादव और कमलाकांत राजभर ने कहा कि महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बेरोजगारी अपने चरम पर है। विद्यार्थी महंगी शिक्षा से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में चुनावी धांधली और वोटों की चोरी करके आई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त है, अपराधी बेलगाम हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।

बैठक में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर वोटर लिस्ट का सत्यापन करें। जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में छूट गए हैं, उन्हें युद्ध स्तर पर जोड़ा जाए। अगर किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला संगठन को दी जाए।

बैठक में पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री डॉ. राम दुलार राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, जयराम सिंह पटेल, अब्दुल्ला, अजीत कुमार राव, श्याम देव चौहान, बालचंद कुशवाहा, डॉ. हरिराम सिंह यादव, राम आसरे चौहान, डॉ. धनराज यादव, अशोक यादव भोला, वसीमुद्दीन शेख, सिकंदर यादव, दुर्गेश यादव, कुणाल मौर्य, संतोष कुमार गौतम, सूरज राजभर, पप्पू कुमार यादव, सुशील आनंद, सिंगारी गौतम, दीपचंद विशारद, आशुतोष चौधरी, सुनीता सिंह, अनुराग यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन समाजवादी मूल्यों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आने वाले चुनावों में संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial