रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी, आज़मगढ़
अज़मगढ़। जिला मुख्यालय अराजी बाग (ब्रह्मस्थान) स्थित शिक्षक सदन के भोला सिंह सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय सेवानिवृत शिक्षक कल्याण परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सेवानिवृत शिक्षकों ने परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सत्यदेव सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें फूल मालाओं से लादकर सम्मानित किया गया।
बैठक में सेवानिवृत शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य मुद्दा नोशनल बेस पर अतिरिक्त वेतन वृद्धि को पेंशन में जोड़े जाने का रहा। उपस्थित शिक्षकों ने मांग की कि शासनादेश जारी होने के बावजूद इस पर तेजी से अमल नहीं हो रहा, जिससे सेवानिवृत शिक्षक लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सत्यदेव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अधिकारी सेवानिवृत शिक्षकों के कल्याण को लेकर बेहद उदासीन रवैया अपना रहे हैं। “नोशनल बेस पर वेतन वृद्धि का शासनादेश जारी हो चुका है, लेकिन पत्रावलियों पर काम की गति बेहद धीमी है। यह स्थिति चिंता का विषय है,” उन्होंने कहा। सत्यदेव सिंह ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि अधिकारियों का रवैया नहीं बदला और लंबित मामलों का निस्तारण जल्द नहीं किया गया, तो परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय तक प्रदेश की सेवा करने के बाद भी सेवानिवृत शिक्षकों को अपने हक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि सरकार और प्रशासन को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और जल्द समाधान निकालना चाहिए।
बैठक के अंत में जिला मंत्री श्यामप्यारे यादव के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। उपस्थित सभी शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी स्मृति में संगठन की ओर से योगदान को याद किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य बृजबिहारी सिंह, मो. नोमान, राजमंगल यादव, कतवारु सिंह, फौजदार जितेंद्र, सिताराम सिंह सहित अनेक सेवानिवृत शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन परिषद के वरिष्ठ सदस्य द्वारा किया गया।
