रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी, आजमगढ़
आजमगढ़ :- मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सठियांव विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत महुआ मलकानी में शनिवार को नवनिर्मित सीसी रोड का लोकार्पण समाजवादी पार्टी के विधायक अखिलेश यादव द्वारा किया गया। यह सड़क लगभग दस लाख रुपये की लागत से बनी है, जिसे विधायक निधि से स्वीकृत किया गया था। लोकार्पण के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए विधायक अखिलेश यादव ने कहा कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था, जिससे गांव के लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब पक्की सीसी रोड बनने से स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को बहुत राहत मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास ही उनका उद्देश्य है और वह लगातार क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े हैं।
गांव के वरिष्ठ नागरिक आज़ाद सिंह ने बताया कि इस सड़क के निर्माण की मांग वे करीब 25 वर्षों से करते आ रहे थे। उन्होंने बताया, “हमने कई जनप्रतिनिधियों से इस समस्या को लेकर गुहार लगाई, लेकिन किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। जब हमने विधायक अखिलेश यादव से इस संबंध में बात की तो उन्होंने न केवल गंभीरता दिखाई, बल्कि कुछ ही महीनों में सड़क का निर्माण भी करा दिया।”
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित लोगों में बहादुर यादव, मुकुंद सिंह, इन्द्र देव सिंह, पिंटू यादव, अजय यादव, जयशंकर सिंह, गोलू यादव, पिरित यादव, वीरेंद्र यादव, निरघिन यादव, रमेश गोंड, संजय यादव सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विधायक से गांव की अन्य बुनियादी जरूरतों पर भी ध्यान देने की अपील की, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस लोकार्पण के साथ ही गांव में विकास की नई आशा जगी है।
