रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी, आजमगढ़
मुबारकपुर, आजमगढ़: रेशमी नगरी मुबारकपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर वर्षों से उपेक्षित चल रही आवाज एक बार फिर बुलंद हुई है। सोमवार को ‘जनहित मुबारकपुर’ नामक सामाजिक समूह के सदस्यों ने पूर्व विधायक एवं वर्तमान विधान परिषद सदस्य शाह आलम गुड्डू जमाली को एक सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मुबारकपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को उच्चीकृत कर 100 बेड का ट्रामा सेंटर बनाए जाने सहित अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की गई है।
जनहित मुबारकपुर समूह द्वारा मोहल्ला पुरा रानी, कपूरा शाह दीवान की बाग स्थित हबीब हाशमी के आवास पर आयोजित बैठक में यह ज्ञापन गुड्डू जमाली को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मुबारकपुर की आबादी लगभग डेढ़ लाख है, लेकिन यहां की स्वास्थ्य सेवाएं आज भी पिछड़ी हुई हैं। क्षेत्रवासियों को सामान्य जांच या प्राथमिक इलाज के लिए भी आस-पास के बड़े शहरों में भटकना पड़ता है। यह स्थिति न केवल चिंताजनक है, बल्कि एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को भी दर्शाती है।
ज्ञापन में की गई प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
-
सीएचसी मुबारकपुर को उच्चीकृत कर 100 बेड का ट्रामा सेंटर बनाया जाए।
-
सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड जैसी जांचें मुफ्त कराई जाएं।
-
ब्लड बैंक की स्थापना हो।
-
चौबीस घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
-
हृदय रोग, गुर्दा रोग, मानसिक रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाए।
इस मौके पर शाह आलम गुड्डू जमाली ने जनता की मांगों को पूरी गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वह इन सभी बिंदुओं को आने वाले विधान परिषद के सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मुबारकपुर की जनता स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवा से वंचित न रहे, इसके लिए वह सदन में आवाज उठाएंगे और संबंधित विभागों से आवश्यक कार्यवाही करवाएंगे।
उन्होंने आगे कहा, “स्वास्थ्य सेवा का हक हर नागरिक को है। अगर मुबारकपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में ढंग की चिकित्सा सुविधा नहीं है तो यह शासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह जल्द से जल्द इसे दुरुस्त करे। मैं आपकी आवाज को सदन तक पहुंचाने का वादा करता हूं।”
ज्ञापन देने वालों में शुजाअत हुसैन, जमाल नासिर, मोहम्मद ओवैस, गौहर अली, नजर कादरी, कारी इफ्तिखार, अबु होरैरा, यासिर, असजद रजा, बेलाल और सालिम आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
जनहित मुबारकपुर समूह ने उम्मीद जताई कि गुड्डू जमाली द्वारा उठाई गई आवाज से शासन-प्रशासन की नींद खुलेगी और रेशमी नगरी मुबारकपुर को उसकी अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं शीघ्र प्राप्त होंगी।
