रिपोर्ट – मो. शकीब अंसारी
आज़मगढ़ :- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता और नेत्र सर्जन डॉ. महबूब आज़म अन्सारी ने दावा किया है कि प्रदेश में एक बार फिर मायावती की सरकार बनेगी। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि मायावती जी की सरकार ने हमेशा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा है और उनकी वापसी से प्रदेश में विकास और सुशासन की गति तेज होगी।
महबूब आज़म ने कहा कि मायावती को “ला एण्ड आर्डर की देवी” के रूप में पहचाना जाता है। उनके मुख्यमंत्री रहते हुए एक भी दंगा नहीं हुआ और कानून-व्यवस्था में सुधार देखा गया। उन्होंने कहा, “वह हमेशा से सुशासन और जनता की भलाई के लिए जानी जाती रही हैं।”
महबूब आज़म ने आगे कहा कि वह हाल ही में लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती से मिले थे और उनकी बातों से उन्हें बहुत प्रेरणा मिली है। मुबारकपुर में आयोजित इस प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि “मुबारकपुर में बुनकरों के साथ अन्याय हुआ है। सरकार ने जो बस स्टेशन और विपणन केन्द्र बनवाए हैं, वह केवल दिखावा हैं। बुनकरों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।”
उन्होंने मुबारकपुर के बुनकरों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा, “बुनकरों को बिजली रेट में वृद्धि की जा रही है, और यदि बकाया बिल जमा नहीं किया जाता तो उस पर ब्याज भी लगाया जाता है, जो गलत है।”
महबूब आज़म ने पिछला विधानसभा चुनाव भी याद किया और कहा कि अल्पसंख्यकों ने सत्ता परिवर्तन के लिए वोट दिया था, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने इस बार फिर से विश्वास जताया कि बसपा की सरकार आने से प्रदेश में सर्व समाज का भला होगा और विकास की गति तेज होगी।
महबूब आज़म ने अपने बारे में कहा कि वह एक खानदानी बसपाई हैं और बहन मायावती का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि वह संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। “मेरे अंदर नयी उर्जा का संचार हुआ है और मैं समाज सेवा की दिशा में हमेशा सक्रिय रहा हूं।”
इस मौके पर महबूब आज़म ने यह भी बताया कि मायावती जी के साथ उन्होंने अपनी तस्वीर साझा की है, जो कि मायावती जी का किसी के साथ फोटो शेयर करने का अनोखा अवसर था। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में बसपा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास होगा और प्रदेश में सुशासन लौटेगा।
महबूब आज़म ने सभी से बसपा से जुड़ने की अपील की और कहा कि “बसपा के साथ जुड़कर ही प्रदेश के सर्व समाज का भला होगा और विकास की प्रक्रिया में तेजी आएगी।”
