Breaking News

पुत्री के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराने पर मिल रही धमकियां

Spread the love

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम जवाहर नगर कस्बा बहुआ कंजरन डेरा में सत्रह दिन पूर्व पुत्री का जबरन अपहरण कर लिए जाने के मामले में पीड़ित ने ललौली थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। जिससे खुन्नस खाए विरोधी पीड़ित परिवार को जान-माल की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
डीएम को संबोधित दिए गए ज्ञापन में वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम जवाहर नगर कस्बा बहुआ कंजरन डेरा ने बताया कि उसकी पुत्री 26 अप्रैल की सुबह घर पर अकेली थी। वह और उसकी पत्नी सुमन मजदूरी के लिए अकील की दुकान गए थे। गांव का नीरज कंजर आवारा किस्म का व्यक्ति है। उसने अपने भाई सूरज, राजू की पत्नी लीला के साथ मिलकर बहला-फुसलाकर उसकी पुत्री का अपहरण कर लिया। दोपहर को जब वह दोनों घर खाना खाने के लिए गए तो देखा पुत्री घर पर नहीं थी। खोजबीन करने पर जानकारी मिली कि नीरज कंजर, लीला व सूरज कंजर भी घर से गायब हैं। पता करने पर जानकारी मिली कि नीरज उसकी पुत्री को बाइक से भगा ले गया है। उसने यह जानकारी पुलिस चौकी बहुआ को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस पर वह अगले दिन ललौली थाने पहुंचा और तहरीर दी। पुलिस ने तीस अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया और अभियुक्त लीला व सूरज कंजर को पुलिस थाने ले गई। शाम को दोनों को छोड़ दिया। लीला व सूरज धमकी दे रहे हैं कि रिपोर्ट कराकर अच्छा नहीं किया। मुकदमा वापस नहीं लिया तो जान से मार देंगे। धमकी से पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है। बताया कि वह पांच मई को भी प्रार्थना पत्र देकर सूचित कर चुका है लेकिन अब तक अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने डीएम से गुहार लगाई कि नीरज कंजर, लीला व सूरज कंजर को गिरफ्तार करके उसकी पुत्री की बरामदगी की जाए। इस मौके पर सुमन, सुशीला, फूलश्री, सोनकली, अजीत, सुरेंद्र भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial