Breaking News

आज़मगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर जांच अभियान शुरू

Spread the love

आज़मगढ़ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सनसनीखेज सूचना सामने आई। बम होने की खबर मिलते ही पूरे कोर्ट कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर को तत्काल खाली कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार जिला जज जय प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर हाईकोर्ट के ईमेल पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। मेल में आज़मगढ़ कोर्ट परिसर में बम होने की सूचना दी गई थी और 12 बजकर 15 मिनट पर विस्फोट होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही न्यायिक अधिकारियों द्वारा तत्काल प्रशासन और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
धमकी की खबर फैलते ही कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और फरियादियों में दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके साथ ही पुलिस ने कोर्ट के चारों ओर घेराबंदी कर दी और आसपास के इलाकों में भी सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉक्टर अनिल कुमार बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। बम निरोधक टीम द्वारा कोर्ट परिसर के एक-एक कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। फिलहाल पूरे कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान जारी है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, धमकी भरे ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है और सभी सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial