Breaking News

आजमगढ़ में तड़के मुठभेड़: पुलिस की कार्रवाई में दो बदमाश घायल, तीसरा गिरफ्तार

Spread the love

आजमगढ़ जिले के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब गश्त के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लग गई, जबकि एक अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तीनों आरोपी गोवंश वध और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महराजगंज कोतवाली पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अहरिगांव स्थित नहर पुलिया के पास कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर दी।

पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब बदमाश नहीं माने तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में अबु जैद के दाहिने पैर और अनिल नोना के बाएं पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी अब्दुला को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, चार जिंदा व खोखा कारतूस, एक चापड़, दो चाकू, चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि वे सुनसान स्थानों पर छुट्टा गोवंश को ले जाकर प्रतिबंधित पशुओं का अवैध वध करते थे और मांस को ऊंचे दामों पर बेचते थे। साक्ष्य मिटाने के लिए अवशेषों को नदी-नालों में फेंकने या जमीन में दबाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ महराजगंज कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 351(3), 352 तथा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी अनिल नोना पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial