आजमगढ़ :- जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर डीसीएम वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जा रहे थे। इस दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में एक तस्कर के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जहानागंज थाने की पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि आजमगढ़ से बिहार की ओर अवैध शराब की बड़ी खेप भेजी जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ देर रात थाना क्षेत्र के लंगड़ा बाबा स्थान के पास ग्राम धनवा में चेकिंग अभियान चला रहे थे।
इसी दौरान एक संदिग्ध डीसीएम वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब वाहन को रोकने का इशारा किया, तो उसमें सवार शराब तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन से उतरकर भागने लगे। पुलिस की ओर से की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान बिहार के छपरा निवासी कुंदन कुमार पुत्र हरेंद्र राय के रूप में हुई है, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं, दूसरे आरोपी रंजन कुमार को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब डीसीएम वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर से 60 पेटी अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से एक तमंचा भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से आजमगढ़ से शराब बिहार ले जाकर वहां महंगे दामों पर बेचते थे और मुनाफे को आपस में बांट लेते थे।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि पकड़े गए शराब तस्करों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। उनके संपर्क में रहे अन्य लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है और जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह एक अहम सफलता है।
