आज़मगढ़ जिले के थाना फूलपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान फूलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कार्रवाई में टप्पेबाजी व ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके एक साथी को मौके से दबोच लिया गया। तीसरा अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ठगी की घटनाओं में संलिप्त तीन बदमाश बिना नंबर की मोटरसाइकिल से दुर्वासा की ओर से कस्बा फूलपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष फूलपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बदमाश भागने लगे, इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित जवाबी फायरिंग में एक बदमाश राजेश हरिजन, निवासी ग्राम रम्मोपुर, थाना दीदारगंज, के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे बदमाश प्रमोद हरिजन, निवासी ग्राम खानजहाँपुर, थाना फूलपुर, को भी पुलिस ने दबोच लिया। तीसरा अभियुक्त अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
मुठभेड़ में घायल राजेश हरिजन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आज़मगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजेश हरिजन के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रमोद हरिजन पर फूलपुर कोतवाली में 2 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त सोने के जेवरात, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल फोन, 1770 रुपये नकद तथा बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई 20 दिसंबर 2025 को हुई एक ठगी की घटना से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें बिजली का बिल जमा कर लौट रही एक महिला से मंगलसूत्र और कान की बालियां ठग ली गई थीं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना फूलपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
आज़मगढ़ में खौफनाक रात, अचानक पुलिस से टकराए बदमाश, चली ताबड़तोड़ गोलियां
