राज्य महिला आयोग की सदस्य ने पोषण को लेकर किया जागरूक
फतेहपुर। पोषण पंचायत कार्यक्रम का आयोजन बुधवार विकास खंड परिसर हसवा व तेलियानी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता सचान ने शुभारंभ करते हुए गर्भवती महिलाओं की जहां गोद भरी वहीं अन्नप्राशन भी करवाया। उन्होने जन कल्याणकारी योजनाओं से माताओं व बहनों को लाभांवित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार लाए जाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पोषण माह 30 सितंबर तक चलेगा। आगनबाड़ी, आशा बहुएं महिलाओं को जागरूक करके योजनाओं का लाभ दिलाकर उनके विकास की सहभागी बने। जिस समाज में नारियों का सम्मान होता है उस समाज का निश्चित विकास होता है। सरकार नारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं चला रही है। जिसमें नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वालंबन के तहत नारियों को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने, नारी से ही सृष्टि का सृजन होता है। महिलाएं पोषण के प्रति लापरवाही न बरतें क्योंकि उचित पोषण न मिलने पर उनका व उनके बच्चों के विकास में काफी समस्या उत्पन्न होती है। उन्होने कहा कि पोषण माह के तहत सरकारी स्कूलों, आवासीय स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायत के अतिरिक्त पोषण वाटिका में पौधरोपण किया गया है। पोषण वाटिका में मौसमी हरी सब्जियो को लगाया जाए ताकि गर्भवती महिलाएं उसका उपयोग कर अपने को स्वस्थ बना सकें। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी हसवा गोपीनाथ पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी हसवा जय सिंह, महिला थानाध्यक्ष नमिता सिंह, सीडीपीओ हसवा अनीता सक्सेना, मनोज कुमार, पीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी हसवा एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तेलियानी सुमित तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी तेलियानी, सीडीपीओ तेलियानी कन्हैया लाल, अर्जुन सिंह भी मौजूद रहे।
