14 अगस्त को रिलीज हुई ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर स्टारर ‘वॉर 2’ ने भले ही धमाकेदार ओपनिंग की हो, लेकिन चार दिन के अंदर ही फिल्म की रफ्तार थम गई है। उम्मीद की जा रही थी कि यशराज फिल्म्स (YRF) के स्पाई यूनिवर्स का यह बड़ा दांव बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचेगा, लेकिन शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि फिल्म की स्थिति उतनी मजबूत नहीं है। वहीं, रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ रिलीज के चौथे दिन भी शानदार प्रदर्शन कर रही है और कई राज्यों में ‘वॉर 2’ को पछाड़ चुकी है।
चार दिनों की कमाई
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक ‘वॉर 2’ ने भारत में चार दिनों में कुल 173 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। पहले दिन फिल्म ने 52 करोड़ की मजबूत शुरुआत की थी। दूसरे दिन कलेक्शन बढ़कर 57.35 करोड़ तक पहुंच गया। हालांकि तीसरे दिन यानी शनिवार को कमाई घटकर 33.25 करोड़ रह गई और चौथे दिन रविवार को फिल्म ने सिर्फ 31 करोड़ रुपये जुटाए। यह गिरावट मेकर्स के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि आमतौर पर वीकेंड पर कलेक्शन में उछाल देखने को मिलता है।
हिंदी बेल्ट और साउथ का हाल
‘वॉर 2’ की सबसे ज्यादा कमाई हिंदी बेल्ट से हो रही है। हिंदी में पहले दिन 29 करोड़, दूसरे दिन 44.5 करोड़ और तीसरे दिन 26 करोड़ का कलेक्शन दर्ज हुआ। वहीं तेलुगु व तमिल वर्ज़न से भी ठीक-ठाक कारोबार हुआ, लेकिन उम्मीद के अनुसार जूनियर एनटीआर का जादू दर्शकों पर असरदार साबित नहीं हुआ। इसके विपरीत, रजनीकांत की ‘कुली’ ने साउथ में जबरदस्त पकड़ बनाई हुई है और चौथे दिन भी ‘वॉर 2’ को मात दी है।
पिछड़ गए ऋतिक अपनी ही ‘वॉर’ से
साल 2019 में आई ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की ‘वॉर’ ने रिलीज के पहले रविवार को ही 37.40 करोड़ रुपये कमाए थे। यह आंकड़ा ‘वॉर 2’ की चौथे दिन की कमाई (31 करोड़) से कहीं ज्यादा है। दिलचस्प बात यह है कि उस वक्त फिल्म का बजट भी काफी कम था और उसमें साउथ का कोई बड़ा चेहरा नहीं था। इस बार जूनियर एनटीआर जैसे सुपरस्टार पर बड़ा दांव लगाया गया था, लेकिन शुरुआती चार दिनों में यह रणनीति कमजोर साबित हो रही है।
मंडे की परीक्षा होगी असली कसौटी
फिल्म क्रिटिक्स का मानना है कि ‘वॉर 2’ के लिए असली परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। अगर फिल्म वीकडे पर भी टिक पाती है तो मेकर्स को उम्मीद की कुछ किरण दिखाई दे सकती है। लेकिन अगर सोमवार से कलेक्शन में भारी गिरावट आती है, तो 400 करोड़ के बड़े बजट वाली इस फिल्म को अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।
YRF स्पाई यूनिवर्स पर संकट
यशराज फिल्म्स ने ‘वॉर 2’ को अपने स्पाई यूनिवर्स का अहम हिस्सा बताया था। इस फिल्म से न केवल बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने की उम्मीद थी बल्कि आने वाली फिल्मों के लिए मंच तैयार करने का भी प्लान था। मगर शुरुआती आंकड़े संकेत देते हैं कि यह फिल्म उसी यूनिवर्स की कमजोर कड़ी बन सकती है। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में कई लूपहोल्स और कमजोर स्क्रिप्ट दर्शकों को बांधने में असफल रही है।
चार दिनों के आंकड़ों से साफ है कि ‘वॉर 2’ ने अच्छी ओपनिंग के बावजूद धीरे-धीरे अपनी पकड़ खो दी है। दर्शकों की उम्मीदें जितनी ऊंची थीं, फिल्म फिलहाल उन पर खरी नहीं उतर पा रही है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ऋतिक-जूनियर एनटीआर स्टारर यह मेगा बजट फिल्म अपने नुकसान की भरपाई कर पाती है या YRF के लिए यह एक बड़ा झटका साबित होती है।
